गम्हरिया। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के प्रथम चरण में स्थित ‘बेलराइज इंडस्ट्रीज (प्रोटो-डी)’ में मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ (बीकेएमएस) के बैनर तले 7 सूत्री मांगों को लेकर मजदूर पिछले तीन दिनों से लामबंद हैं। यूनियन के जिलाध्यक्ष संजय गोराई द्वारा कंपनी के मानव संसाधन विभाग को मांग पत्र सौंप कर शीघ्र मजदूरों की समस्या को दूर करने की अपील की है। मांगपत्र के अनुसार मजदूरों की मांगों में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर, हाजिरी कार्ड, वेतन पर्ची और समय पर वेतन भुगतान आदि की गई है। इसके अलावा वार्षिक बोनस, सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी किट) के साथ-साथ ईएसआईसी एवं ईपीएफओ जैसी अनिवार्य वैधानिक सुविधाएं देने की भी मांग की गई है। कामगारों ने बताया कि विगत कई वर्षों से इस कंपनी में कार्य करते आ रहे हैं, किंतु प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। इतना ही नहीं, सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं मिल रही है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रबंधन इन जायज मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के कारण कंपनी में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यूनियन के अध्यक्ष संजय गोराई ने बताया कि सभी कामगार शांतिपूर्ण ढंग से हड़ताल पर बैठे है। बताया कि शनिवार को प्रबंधन के साथ वार्ता की उम्मीद है।